Saturday, January 21, 2017

मायावती 29 जनवरी को पंजाब आएंगी

खन्ना- बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री कुमारी मायावती 29 जनवरी को पंजाब में  एक दिवसीय चुनावी दौर पर आएंगी।इस दिन वे फगवाड़ा और महल कलां
में बसपा की चुनावी रैलियों को संबोधित कर पार्टी के चुनाव अभियान को ताकत देंगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रछपाल सिंह राजू ने बीती रात खन्ना विधान सभा क्षेत्र से बसपा उम्मीदवार पंडित शशि वर्धन के चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। आप पर निशाना साधते हुए राजू बोले कि केजरीबाल भाजपा की बी टीम का हिस्सा हैं और मोदी से मिलकर देश में हिंदू राष्ट्र की स्थापना करना चाहते हैं। आप ने पंजाब में सरकार बनने पर दलित को मुख्यमंत्री बनाने का कार्ड खेला है। जबकि किसी भी दलित विधायक को दिल्ली में मंत्री नहीं बनाया गया। लेकिन बसपा की सरकार बनने  पंर पार्टी दलित को ही  पंजाब का मुख्यमंत्री बनाएगी। राजू ने यह भी कहा कि पंजाब से पानी की एक भी बूंद बाहर नहीं जाने दी जाएगी और प्रदेश के विकास को पहल दी जाएगी। राजू ने यह भी कहा कि बसपा की सरकार आने पर राज्य में एम्स की तर्ज पर अस्पताल बना लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। लैंड और सैंड माफिया पर भी शिकंजा कसा जाएगा। इस मौके पर बसपा उम्मीदवार पंडित शशि वर्धन, गुरचरण सिंह चन्नी,जगदीश प्रसाद,राजिंदर सिंह व दीदार सिंह रामगढ़ आदि मौजूद थे।