Tuesday, February 16, 2021

श्री सरस्वती संस्कृत कालेज में प्रेस कांफ्रेंस

 खन्ना-


श्री अयोध्या धाम में श्री राम मंदिर निर्माण में जन-जन के योगदान के लिए शुरू किए गए श्री राम मंदिर समर्पण अभियान संबंधी विस्तृत जानकारी देने के लिए मंगलवार को श्री सरस्वती संस्कृत कालेज में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। श्री राम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान के जिला सह संयोजक मनोज तिवारी ने मुक्य वक्ता की भूमिका निभाई। इस दौरान जिला निवासियों को अभियान मेें बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने को प्रोत्साहित किया गया।

उन्होंने श्री राम मंदिर के इतिहास और इसके लिए लड़ी गई लंबी लड़ाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि 492 साल बाद भगवान श्री राम के जन्मस्थान पर श्री राम मंदिर के निर्माण की शुभ घड़ी आई है। राम भक्तों को इस अभियान की सफलता में पूरा योगदान देना चाहिए। उद्यमी विनोद वशिष्ट ने कहा कि इस पावन अभियान को किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं जोड़ना चाहिए। यह सबका सांझा अभियान है और सभी राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

कारोबारी विनोद गुप्ता ने कहा कि यह किसी धर्म और जाति विशेष का अभियान नहीं है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मुस्लिम समाज भी इस अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहा है। भगवान राम सबके सांझे हैं और यह अभियान भी सबका सांझा है। इसमें हर वर्ग का सहयोग भी मिल रहा है। सीए कपिल चिकरसाल ने कहा कि श्री राम मंदिर के लिए धन का योगदान देने वालों को आयकर कानून की धारा 80जी (2बी) के तहत रिबेट मिलती है। 20 हजार रूपए तक का योगदान नकद व उससे ज्यादा चेक या ड्राफ्ट द्वारा दिया जा सकता है। 

अंत में मनोज तिवारी ने बताया कि खन्ना जिला में अबतक करीब 30 लाख रूपए का धन संग्रह हो चुका है। 6 हजार घरों तक राम भक्त पहुंच कर चुके हैं। 20 हजार घरों तक पहुंच का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी से शुरू हुआ अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। इस अवसर पर जिला संयोजक कृष्ण दुग्गल, शंकर गोयल, खन्ना के संयोजक राजन छिब्बर, डा. विपन कांसल, सुबोध मित्तल, डा. सोमेश बत्ता, आशू लटावा, सन्नी रहौण भी मौजूद रहे।