Thursday, August 13, 2026

डायरेक्टर डा. सुनील बंसल ने किया खन्ना सिविल अस्पताल का दौरा



पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के डायरेक्टर डा. सुनील बंसल ने खन्ना सिविल अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल पहुंचने पर एसएमओ डा. मनिंदर सिंह भसीन सहित समूह स्टाफ ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान डायरेक्टर डा. सुनील बंसल ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, सर्जरी वार्ड, जच्चा-बच्चा बिल्डिंग, दवा स्टोर सहित विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। मरीजों से अस्पताल की सेवाओं और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया।इसके बाद डा. सुनील बंसल ने एसएमओ डा. मनिंदर सिंह भसीन, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ बैठक की। उन्होंने अस्पताल में मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा रोजाना के कामकाज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की कार्यशैली पर संतुष्टि जताते हुए मरीजों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मीडिया से बातचीत करते हुए डा. सुनील बंसल ने कहा कि खन्ना सिविल अस्पताल अच्छे ढंग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। अस्पताल में सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर एसएमओ डा. मनिंदर सिंह भसीन के साथ विचार-विमर्श किया गया है।खन्ना सिविल अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू करने के सवाल पर डा. बंसल ने कहा कि जिला स्तर पर सभी सिविल अस्पतालों में एमआरआई की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि यदि खन्ना सिविल अस्पताल की ओर से एमआरआई की मांग है तो प्रस्ताव लिखित रूप में भेजा जाए। विभाग की ओर से इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लड बैंक इंचार्ज डा. करनप्रीत कौर, सर्जन डा. इंद्रप्रीत सिंह, हड्डी रोग माहिर डा. राघव अग्रवाल, डा. जगदीप बराड़, नर्सिंग सिस्टर कमलजीत कौर, सीनियर क्लर्क हरीश कुमार, वरिष्ठ अधिकारी भूपिंदर सिंह, नर्सिंग सिस्टर ऊषा रानी, फैसिलिटी मैनेजर नवनीत कौर सहित स्टाफ के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। ़