खन्ना, 21 नवंबर :
खन्ना शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था लाला सरकारुमल सर्वहितकारी विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव ‘अभ्युदय’ पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यतिथि के रूप में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं विधानसभा हल्का खन्ना से विधायक तरुणप्रीत सिंह सौंद ने शिरकत की।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक समिति के सदस्यों और दोनों विद्यालयों के प्रिंसिपलों द्वारा समारोह में पहुंचे गणमान्य व्यक्तियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रदर्शित करते हुए उनके द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे देखकर अतिथि बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक समिति के सदस्यों, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और दोनों स्कूलों के प्रिंसिपलों द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती जी के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित करके किया गया। दीपक की पवित्र ज्योति ने ज्ञान और प्रकाश का संदेश देते हुए पूरे मंच को आलोकित कर दिया।
विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं सामाजिक विषयों पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान भंगड़ा, गिद्दा, वॉइस ऑफ भारत, विंग्स टू ड्रीम सहित विभिन्न प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें प्रेरणादायक संदेश भी दिए।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इसी दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा खेल के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले होनहार खिलाड़ियों को मंत्री सौंद द्वारा विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रबंधक समिति के सभी सदस्यों, स्कूल प्रिंसिपल और समस्त स्टाफ को बधाई दी।
मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने विद्यार्थियों की सेवा भावना की खूब सराहना की। इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के दुष्परिणामों से अवगत करवाते हुए मोबाइल का सदुपयोग करने तथा अभिभावकों को बच्चों के साथ अधिक समय बिताने और उन्हें मोबाइल से दूर रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय अध्यक्ष देवकृष्ण ढंड ने आए हुए गणमान्य अतिथियों को अपना बहुमूल्य समय देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज का समारोह केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति नहीं है, बल्कि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पूर्व महासचिव राजेश कुमार डाली ने स्कूल की दिन-दोगुनी और रात-चौगुनी तरक्की के लिए प्रबंधक समिति, स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षकों की लगन एवं मेहनत की खूब प्रशंसा की।
इसी दौरान स्कूल को ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए किए गए कार्यों के लिए स्वर्गीय राम प्रकाश लांबा, स्वर्गीय अशोक कुमार तिवारी, स्वर्गीय बृज लाल गुप्ता, स्वर्गीय बी.के. गर्ग, स्वर्गीय सतपाल विज, स्वर्गीय दीवान चंद, स्वर्गीय अमृत लाल के परिवारों तथा डॉ. हंस राज सूद, ओम प्रकाश छाबड़ा और गुरदयाल सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अंत में प्रिंसिपल डॉ. मनोज कुमार जी ने समारोह में पहुंचे गणमान्य अतिथियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद किया। समारोह में प्रबंधक समिति के मुख्य संरक्षक संसार चंद, संरक्षक राजकुमार साहनेवालिया, महासचिव विनोद कुमार, प्रबंधक परमजीत सिंह (पम्मी), प्रबंधक संदीप गोयल (प. रमेशचन्द्र सर्वहितकारी विद्या मंदिर), पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सचदेवा, पूर्व अध्यक्ष विनोद वशिष्ठ, सदस्य अशोक कुमार विज, रविंद्र सिंह, संजय गुप्ता, सुनीता लांबा, प्रवीण कुमार, निर्विकार धाबड़ा, आदर्श सूद तथा प्रिंसिपल तृप्ति लुंबा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री सौंद के साथ नगर कौंसिल खन्ना के अध्यक्ष जतिंदर पाठक, सीनियर उप प्रधान हरीश गुप्ता, ओएसडी करुण अरोड़ा, पीए महेश कुमार, पार्षद हरजीत सिंह भाटिया, ट्रेड विंग खन्ना के चेयरमैन विकास भाटिया सहित अन्य गणमान्य नेता उपस्थित थे।



