Monday, February 7, 2022

तेज-तर्रार नेता स्मृति इरानी नौ फरवरी को खन्ना पहुंच रही हैं

, खन्ना : पंजाब में प्रचार के लिए भाजपा द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल बड़े नेताओं का पंजाब का दौरों का कार्यक्रम बनना शुरू हो गया है। खन्ना विधानसभा सीट पर प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री और पार्टी की तेज-तर्रार नेता स्मृति इरानी नौ फरवरी को खन्ना पहुंच रही हैं। जीटीबी मार्केट के पास स्थित रेस्ट हाउस मार्केट में वे भाजपा उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह भट्टी के चुनाव दफ्तर में पहुंचेंगी और यहीं एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी।

भाजपा जिला प्रधान रजनीश बेदी ने बताया कि पार्टी ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा को लेकर आम लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब बड़े नेताओं के प्रचार में आने और केंद्र सरकार की नीतियों, उपलब्धियों व पंजाब के लिए भविष्य की योजनाओं को लोगों में रखने के बाद लोगों के पास भाजपा के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचेगा। बेदी ने कहा कि स्मृति इरानी दोपहर करीब एक बजे दफ्तर पहुंचेगी और कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात के अलावा शहरवासियों को भी संबोधित करेंगी। इस दौरान कोविड के चलते चुनाव आयोग द्वारा जारी हिदायतों का भी पालन किया जाएगा।